Spread the love

लंदन में कोरोनावायरस का नया स्ट्रेन मिलने से दहशत है। वहां से लौटी दो फ्लाइट में कुल सात पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक फ्लाइट बीती रात दिल्ली पहुंची। इसमें 266 लोगों में से पांच को संक्रमित पाया गया। वहीं, दो पॉजिटिव कोलकाता में मिले हैं। ये रविवार को लंदन से कोलकाता आए थे। दिल्ली में पाए गए संक्रमितों के सैम्पल रिसर्च के लिए नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (NCDC) भेजे गए हैं। सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स को आइसोलेशन में रखा गया है।

मुंबई में भी पैसेंजर आइसोलेट किए गए

इस बीच, मुंबई में भी लंदन से लौटीं दो फ्लाइट के यात्रियों को एयरपोर्ट से सीधे होटल ले जाया गया। उन्हें यहां आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि, कुछ यात्रियों ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। लंदन में हाल ही में कोरोना का नया स्ट्रेन (बदला रूप) मिला है। इसे पहले से 70% ज्यादा संक्रामक माना जा रहा है।

आज रात 11:59 बजे तक ही ब्रिटेन से आ सकेंगी फ्लाइट

ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने मिडिल ईस्ट और यूरोप से आने वाले सभी यात्रियों को 14 दिनों तक इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में रखने का आदेश दिया है। 22 दिसंबर रात 11:59 बजे तक ही ब्रिटेन से यात्री भारत आ सकेंगे। इसके बाद 31 दिसंबर तक वहां से आने वाली फ्लाइट्स पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

बसों को सैनिटाइज किया गया

यूरोप से मुंबई आने वाले यात्रियों को इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन सेंटर और होटल्स तक पहुंचाने के लिए 50 से अधिक बेस्ट बसों का इंतजाम किया गया है। हर ट्रिप के बाद बसों को पहले सैनिटाइज किया जा रहा है, इसके बाद ही किसी को इसमें बैठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *